@जेo केo/सोनभद्र….

Sonbhadra । रॉबर्ट्सगंज नगर में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस दौरान वार्ड स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को स्मरण किया गया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में सोनभद्र अनुसूचित प्रकोष्ठ कांग्रेस के अध्यक्ष ओम प्रकाश राव ने कहा कि बाबा साहब ने अपना पूरा जीवन गरीबों और दलितों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने भारतीय संविधान की रचना कर समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके योगदान को देखते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं और उनके विचार सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष कुमार दुबे (आशु) ने कहा कि बाबा साहब ने विषम परिस्थितियों में रहकर दलित समाज के उत्थान के लिए संघर्ष किया और उन्हें मुख्यधारा में लाने का काम किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की कोशिशें किसी से छिपी नहीं हैं। जब तक समाज के हर वर्ग को समान अधिकार और अवसर नहीं मिलेंगे, तब तक देश का समुचित विकास संभव नहीं है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया तथा बाबा साहब के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सूरज वर्मा, जिला महासचिव दयाराम प्रजापति, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राहुल जैन, अनुसूचित प्रकोष्ठ कांग्रेस के शहर अध्यक्ष सुशील राव, कमला प्रसाद, रामविलास, अनिल बियार (प्रदेश सचिव, पिछड़ा प्रकोष्ठ), आशीष पाल (जिला सचिव, व्यापार प्रकोष्ठ), अब्दुल कादिर, दिनेश गुप्ता (जिला उपाध्यक्ष, व्यापार प्रकोष्ठ), युवा नेता अरुण सोनी, बबलू भारती सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।