मुख्यालय/सोनभद्र.@विशाल टंडन…….

बुधवार का दिन परिषदीय विद्यालयों के नन्हें छात्रों के लिए खुशियों और उत्साह से भरा रहा। परीक्षा के बाद जब बच्चे स्कूल पहुंचे, तो पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को खास बनाने के लिए विद्यालय प्रशासन ने विशेष तैयारियां की थीं। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के कांशीराम आवास स्थित कंपोजिट मल्टीस्टोरी विद्यालय में बच्चों का भव्य स्वागत किया गया।
स्कूल गेट पर प्रधानाध्यापिका सुमन तिवारी और शिक्षकों की टीम ने बच्चों का फूल-मालाओं और तिलक लगाकर अभिनंदन किया। इस आत्मीय स्वागत से बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे बच्चों को पहले दिन ही घर जैसा सुरक्षित और आनंदमय वातावरण मिल सके। ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत रैली भी निकाली गई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इसके अलावा, बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को और भी जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों को संचारी रोगों से बचाव के लिए शपथ भी दिलाई गई, जिससे उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े। प्रधानाध्यापिका सुमन तिवारी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को ऐसा माहौल देना है, जहां वे पढ़ाई को बोझ न समझें, बल्कि खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया का आनंद लें।
इस पहल की अभिभावकों ने भी सराहना की। उनका कहना है कि इस तरह के स्वागत से बच्चों का स्कूल के प्रति डर खत्म होता है और वे नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित होते हैं। इस अवसर पर शिक्षिका गायत्री त्रिपाठी, मालिनी मिश्रा, कुमकुम लता त्रिपाठी, उर्मिला कुमारी, बबीता सिंह, मंजू पांडे, प्रियंका सिंह, रश्मि सिंह, आरती शर्मा और सौरेंद्र पराक्रमण सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही बच्चों को नए सत्र की पाठ्यपुस्तकों और आगामी शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी भी दी गई।