मधुपुर/सोनभद्र.@मुकेश द्विवेदी…..

रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां रोडवेज बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में दर्जनों लोग घायल हो गए। हादसा वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर बने फ्लाईओवर पर हुआ।
बताया जा रहा है कि सोनभद्र से वाराणसी जा रही परिवहन निगम की बस ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार कई यात्रियों के सिर और चेहरे सीट से टकरा गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं, जबकि कुछ यात्रियों के सिर फट गए। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सीट में फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
सूचना मिलते ही सुकृत पुलिस चौकी प्रभारी मानवेन्द्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर में भर्ती कराया गया।
घायलों में श्याम सुंदर मिश्र, अलीशा खान, बिष्णु कुमार मौर्य, नेहा सिंह, स्मृति, अशोक केशरी, अख्तरी बेगम सहित दर्जनों लोग शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।