म्योरपुर/सोनभद्र.@संदीप अग्रहरी……

स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात एक किशोर द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर ले गए, जहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर उसे छुट्टी दे दी गई।
परिजनों के अनुसार, किशोर पास के ही एक गांव में रहने वाली अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। उस समय किशोरी घर में अकेली थी, जबकि उसके परिजन किसी शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोस की छत पर सो रहे एक व्यक्ति ने किशोर को घर में घुसते देख लिया। उसने बाहर से दरवाजा बंद कर अन्य ग्रामीणों को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही मौके पर जुटे ग्रामीणों ने किशोर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। कुछ देर बाद किशोरी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद रात करीब 11 बजे गांव में पंचायत बुलाई गई, जो तड़के लगभग चार बजे तक चली। पंचायत ने निर्णय सुनाते हुए किशोर पक्ष पर 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
बताया जा रहा है कि इस घटना और पंचायत के फैसले के बाद किशोर मानसिक तनाव में आ गया। घर पहुंचने के बाद उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इस संबंध में चौकी इंचार्ज मनोज सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।