संवाददाता@बद्री प्रसाद…..

सदर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत सलखन में स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति एवं सम्मान में विराट दंगल का भव्य आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान अरविंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस दंगल में क्षेत्र के साथ-साथ विभिन्न जनपदों और अन्य प्रदेशों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में अपने दमखम और कुश्ती कला का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
दंगल में 20 हजार रुपये तक की इनामी कुश्तियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। अखाड़े में उतरते ही पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिले। एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए पहलवानों ने पूरी ताकत झोंक दी। रोमांचक मुकाबलों के दौरान दर्शक तालियों और उत्साहवर्धन से पहलवानों का हौसला बढ़ाते रहे।
कार्यक्रम के दौरान सुबह से लेकर दंगल के समापन तक अखाड़े के आसपास दर्शकों की भारी भीड़ जुटी रही। पहलवानों के शानदार दांव-पेंच और जोरदार मुकाबलों ने लोगों को अंत तक बांधे रखा। कई मुकाबलों में पहलवानों ने अपनी पारंपरिक कुश्ती कला का बेहतरीन प्रदर्शन कर खूब तालियां बटोरीं।

विराट दंगल के सफल आयोजन में कोषाध्यक्ष विश्वधर दुबे, सुनील कुमार, जग्गा यादव, गुलाब चंद्र समेत ग्राम पंचायत के तमाम सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन समिति की ओर से पहलवानों एवं बाहर से आए अतिथियों का स्वागत किया गया।
दंगल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए थे। भारी भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बावजूद इसके पूरा आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के बीच सकुशल संपन्न हुआ।

