मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन….

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित जीवनदाता वंदन उत्सव के तहत रविवार को मारवाड़ी युवा मंच महिला सोन शाखा राबर्ट्सगंज की ओर से बालिका बाल सुधार गृह में सेवा कार्य किया गया। इस दौरान सुधार गृह में रह रही करीब 54 बालिकाओं को कपड़े, मिठाई और सैनिटरी पैड वितरित किए गए। सामग्री पाकर बालिकाओं के चेहरों पर खुशी झलक उठी।

कार्यक्रम के दौरान बालिका ममता ने ‘मेरे माता-पिता मेरे लिए क्यों विशेष हैं’ विषय पर भावपूर्ण भाषण दिया। उसकी बातों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।

मंच की अध्यक्षा श्रीमती सुनीता सांवरिया ने बालिकाओं को माता-पिता के जीवन में महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि माता-पिता का सम्मान और वंदन-पूजन भगवान के समान करना चाहिए।

मंच की सचिव श्रीमती चित्रा जालान ने कहा कि माता-पिता हमारे जीवन का वह आशीर्वाद हैं, जो हर संकट में छाया बनकर हमारे साथ खड़े रहते हैं।

उन्होंने कहा कि शायद भगवान हर जगह मौजूद नहीं रह सकता था, इसलिए उसने माता-पिता का रूप बनाया। हमें कभी भी उन्हें दुखी नहीं करना चाहिए।

मंच की ओर से बालिकाओं को भरोसा दिलाया गया कि जरूरत पड़ने पर युवा मंच सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा। इस अवसर पर सुनीता सांवरिया, चित्रा जालान, दीप्ति केड़िया, अनीता थर्ड सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।


