मुख्यालय/सोनभद्र.@विशाल टंडन……

रॉबर्ट्सगंज स्थित जिला खादी ग्रामोद्योग कार्यालय पर शनिवार को माटी कला से जुड़े कारीगरों के लिए विद्युत चालित चाक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 30 कारीगरों को निःशुल्क इलेक्ट्रिक चाक वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गाँधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा, विशिष्ट अतिथि उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी, जिला पर्यटन अधिकारी राजेश भारती तथा जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी निशांत मिश्र ने कारीगरों को चाक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए।
मुख्य अतिथि मोहन कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा माटी कला के कारीगरों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विद्युत चालित चाक के माध्यम से कारीगरों का कार्य सरल होगा, समय की बचत होगी तथा उनकी आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक चाक की अपेक्षा आधुनिक तकनीक से उत्पादन क्षमता बढ़ेगी।उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने कहा कि जनपद को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है।
प्लास्टिक उत्पाद न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं, बल्कि पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है और इसके स्थान पर कागज एवं मिट्टी से बने उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिला पर्यटन अधिकारी राजेश भारती ने बताया कि विद्युत चालित चाक के उपयोग से कारीगर कम श्रम और कम समय में अधिक उत्पाद तैयार कर सकते हैं।
इससे न केवल उनकी आमदनी बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने मिट्टी के बर्तनों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गौतम त्रिपाठी ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में 30 चयनित कारीगरों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक वितरित किए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों के जीवन स्तर में सुधार करना और उनकी आय बढ़ाना है।
इस अवसर पर लाभार्थियों में शारदा, उर्मिला, जमुना, राजू प्रजापति, ज्योति, दीपु, रमेश, सदानंद, विजय कुमार, बृजेश कुमार, कमलेश, हेमनाथ प्रजापति सहित अन्य कारीगर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभागीय कर्मचारी भिषम सिंह एवं रमेश कुमार सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।