अनपरा/सोनभद्र.@उमेश सिंह…….

स्थानीय थाना क्षेत्र के डिबुलगंज में यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्त चेकिंग अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में टीएसआई अनपरा की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने,रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने तथा बिना वैध परमिट के वाहनों का संचालन करने वालों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस टीम ने कई वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मौके पर ही चालान काटे गए।इस दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया और हेलमेट पहनने,सही दिशा में वाहन चलाने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है।

पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई वाहन चालक नियमों का पालन करते नजर आए।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे,ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।
यातायात नियमों का पालन करें सुरक्षित रहें।