अनपरा/सोनभद्र.@उमेश सिंह…….

तापीय परियोजना अनपरा कॉलोनी परिसर स्थित डॉ.अंबेडकर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन बड़े ही सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस परीक्षा में कक्षा 6 एवं कक्षा 9 में प्रवेश के लिए क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आए छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
परीक्षा को लेकर विद्यालय प्रशासन द्वारा पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। परीक्षा केंद्र पर छात्रों की सुविधा, सुरक्षा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। परीक्षा के दौरान विद्यालय परिसर में अनुशासन और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी।
परीक्षा देने पहुंचे भैया-बहनों का विद्यालय परिवार द्वारा पारंपरिक तरीके से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस विशेष स्वागत ने छात्रों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी प्रभावित किया और पूरे वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। विद्यालय के इस अनूठे स्वागत से छात्रों में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार देखने को मिला।विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि संस्था का मुख्य उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देना है।
यहां शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को भी विशेष महत्व दिया जाता है, ताकि छात्र भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्यों ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया और सभी प्रतिभागी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अभिभावकों ने भी विद्यालय की व्यवस्थाओं और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में से एक बताया।