शक्तिनगर/सोनभद्र.@वीरेंद्र यादव…….

बस स्टैंड मार्केट क्षेत्र में मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धा और आस्था से ओतप्रोत इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा बस स्टैंड मार्केट से निकलकर ज्वालामुखी झरना तक पहुंची, जहां पूरे मार्ग में जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।
यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच निकली यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। नगर भ्रमण के बाद श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ कथा का शुभारंभ हुआ।
कथा वाचक ने प्रवचन में भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग और धर्म पालन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर ही समाज में शांति और सद्भाव स्थापित किया जा सकता है।

इस अवसर पर कृष्णा सोनी, मुकेश सिंह,अखिलेश जायसवाल, जय राम वर्मा, शिवशंकर गुप्ता, ग्राम प्रधान हीरालाल, मोहन गुप्ता, मुकेश सिंह, परमेश्वर कुशवाहा, रविन्द्र यादव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन समिति के अनुसार कथा नौ दिनों तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम होंगे तथा समापन पर भंडारे का आयोजन किया जाएगा।