मुख्यालय/सोनभद्र. @विशाल टंडन…..

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजस्थान प्रदेश एनएसयूआई अध्यक्ष एवं राजस्थान विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रहे विनोद जाखड़ को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया। इस घोषणा के साथ ही छात्र राजनीति में नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
शुक्रवार को नियुक्ति की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं ने बढ़ौली चौराहे पर एकत्र होकर मिष्ठान वितरण किया और खुशी जाहिर की। “राहुल गांधी जिंदाबाद” तथा “विनोद जाखड़ जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जिला अध्यक्ष अंशु गुप्ता ने कहा कि पिछले कुछ समय से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर विभिन्न राज्यों के नेताओं के नामों पर चर्चा चल रही थी। ऐसे में विनोद जाखड़ को यह जिम्मेदारी मिलना राजस्थान के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने की परंपरा आगे भी जारी रहेगी। जाखड़ स्वयं छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं और कॉलेज व विश्वविद्यालय स्तर की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में एनएसयूआई देशभर में और सशक्त होगी तथा छात्रों के अधिकारों के लिए प्रभावी आवाज उठाई जाएगी। कार्यक्रम में कई छात्र नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।