रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा……

पिपरी थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम को हाथीनाला-रेणुकूट मुख्य मार्ग पर हुए सड़क हादसे में भारतीय स्टेट बैंक के सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गईl रेणुकूट चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि वाराणसी से एसबीआई सुरक्षा गार्ड राम आशरफ यादव अपनी बाइक से रेणुकूट आ रहे थे ।
इस दौरान हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर स्थित बाबूराम डिग्री कॉलेज के समीप मेन रोड पर एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस द्वारा घायल को तत्काल हिंडालको अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है तथा विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन के अनुसार क्षेत्र में कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है और यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही है। घटना की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है l