अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह….

स्थानीय थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता महिला ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार अनपरा थाना क्षेत्र के दुरासनी मंदिर के समीप निवासी 30 वर्षीय रानी देवी पत्नी मनीष राम ने घर के अंदर पंखे से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मृतका का पति मनीष राम अनपरा मोड़ पर टायर पंचर बनाने की दुकान चलाता है और रोज की तरह सुबह दुकान पर चला गया था।
काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।बाद में लोहे के दरवाजे को ग्राइंडर से काटकर जब अंदर प्रवेश किया गया तो महिला का शव फंदे से लटका देख सभी स्तब्ध रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतका अपने पीछे एक वर्ष का बेटा और तीन वर्ष की बेटी छोड़ गई है।मां का साया सिर से उठ जाने से मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
