@जे0के0/सोनभद्र
__चावल की बिल्टी पर बिहार जा रही थी शराब लदी ट्रक
__तीस लाख रुपए कीमत से ज्यादा की सैकड़ों पेटी अंग्रेजी शराब की बोतलें फैल गईं

Sonbhadra। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ घाटी में गुरुवार की भोर में अंग्रेजी शराब लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह घटना रीवा–रांची मार्ग पर हुई, और दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार राय और इंस्पेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह अपनी फोर्स के साथ सुबह-सुबह घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने ट्रक और उसमें लदी शराब की सैकड़ों पेटियों को कस्बे में जब्त कर लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि मैक डॉवेल्स नंबर वन एवं रॉयल चैलेंज जैसी विभिन्न अंग्रेजी शराब की पेटियां चावल की बोरियों के पीछे छिपा कर रखी गई थीं। पुलिस ने ट्रक में चावल की बिल्टियां भी पाईं। पलटी हुई शराब की पेटियों और बोतलों की गिनती कराकर आबकारी विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय पुलिस ने उन्हें ट्रैक्टर के माध्यम से शाम तक कोतवाली लाया गया।
एडिशनल एसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने मौके का निरीक्षण करते हुए बोतलों पर लगे बारकोड और क्यूआर को स्कैन किया, लेकिन सभी कोड फर्जी पाए गए। शराब की बोतलों पर लिखा था कि वे पंजाब में बनी हैं और बिहार जा रही थीं। चालक का कोई पता नहीं चल सका, लेकिन ट्रक नंबर UP63 T 6441 के आधार पर मालिक ट्रेस किया गया।दरमियान, मौके पर जमा हुए तमाशबीनों की भी पुलिस ने तितर-बितर करके व्यवस्था बनाई।
दुद्धी आबकारी निरीक्षक रवि नंदन और सदर विनोद कुमार भी मौके पर मौजूद थे। इस मामले में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम आगे की जांच में लगी हुई है ताकि अवैध शराब की सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
आबकारी अधिकारी ने बताया कि 600 पेटी से ज्यादा अंग्रेजी शराब ट्रक में लदी थी, जिसकी कीमत 30 लाख रुपए से ज्यादा है और यह पंजाब प्रांत से सोनभद्र के रास्ते बिहार जा रही थी कि रास्ते में गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।