बीजपुर/सोनभद्र. @रामबली मिश्रा….

एनटीपीसी आवासीय परिसर स्थित लेक पार्क में शनिवार की सायं प्रेस क्लब बीजपुर की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले माह की गतिविधियों की समीक्षा के साथ ही आने वाले समय में जनहित के मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार रामबली मिश्रा ने किया, जबकि संचालन संजय अग्रवाल द्वारा किया गया।
क्लब के महामंत्री रघुराज सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं को आम जनता के सहयोग से समाचारों के माध्यम से जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुँचाना आवश्यक है, ताकि समस्याओं का समाधान संभव हो सके।
कोषाध्यक्ष राम जियावन गुप्ता ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि पत्रकारों को मिलजुलकर सामाजिक बुराइयों को उजागर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ काम करने से पत्रकारिता की विश्वसनीयता और अधिक मजबूत होती है।
बैठक में सभी सदस्यों को पहचान पत्र प्रदान करने तथा संगठन के विस्तार से जुड़े सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर अनिल त्रिपाठी, रविन्द्र कुमार, राम प्रवेश गुप्ता, बृजेन्द्र कुमार सिंह, विशाल गुप्ता, नीरज सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
