घोरावल/सोनभद्र. @विजय अग्रहरी…….

घोरावल कोतवाली क्षेत्र के शिवद्वार चौकी अंतर्गत हिरन खुड़ी गांव में रविवार रात साढ़े सात बजे कुएं में गिरने से युवक की मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
शिवद्वार चौकी अंतर्गत रुम्मा गांव निवासी संजय पटेल (38) पुत्र लक्ष्मन पटेल की रविवार रात कुएं में गिरने से मौत हो गई। ग्रामीण और परिजन उसे कुएं से निकालकर घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहां डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे चंदन पटेल ने बताया कि संजय की ससुराल हिरनखुड़ी गांव में है।

रविवार सुबह संजय गेहूं की खेती के लिए बीज देखने हिरनखुड़ी मार्केट गया था। वहां से वह ससुराल चला गया।देर रात वह पैदल अपने गांव रुम्मा जा रहा था। अंधेरा होने के कारण रास्ते में एक कुएं में गिर पड़ा। आस पास के लोगों ने कुएं में किसी के गिरने की आवाज सुनी तो मौके पर भीड़ लग गई। उसके परिजन और ससुराल के लोग सूचना मिलने पर पहुंचे।
उसे कुएं से निकाल कर घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक संजय के 16 वर्ष की एक पुत्री और 14 व 10 वर्ष के दो पुत्र हैं।शिवद्वार चौकी प्रभारी कविंद्र यादव ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।