रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…..
__नई शैक्षणिक जानकारियों से समृद्ध हुए छात्र-छात्राएं

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, पिपरी के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं की अध्ययन यात्रा शुक्रवार को संपन्न हुई। इस शैक्षणिक यात्रा का गंतव्य राजीव गांधी साउथ कैंपस, बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय बरकछा, मीरजापुर था l सुबह विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल था। प्रधानाचार्य अनिल राम ने प्रातः 8 बजे हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।
अध्ययन यात्रा में अध्ययन यात्रा प्रभारी कुलदीप सिंह यादव, परीक्षा प्रभारी अशोक कुमार त्रिपाठी, सह-अध्ययन यात्रा प्रभारी प्रमिला श्रीवास्तव, समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ और विद्यालय के कर्मचारीगण शामिल रहे।
छात्र-छात्राओं ने साउथ कैंपस के विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं और अनुसंधान केंद्रों का भ्रमण किया। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की स्थापना, कार्यप्रणाली, अनुसंधान गतिविधियों तथा उच्च शिक्षा के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने बीएचयू के शिक्षकों एवं शोधार्थियों से संवाद कर कई जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। इस यात्रा से विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति उत्साह और जिज्ञासा में वृद्धि हुई।
विद्यालय लौटने पर सभी विद्यार्थियों ने इस अनुभव को यादगार बताते हुए कहा कि ऐसी अध्ययन यात्राएं न केवल ज्ञानवर्धक होती हैं बल्कि भविष्य की दिशा तय करने में भी सहायक सिद्ध होती हैं।
प्रधानाचार्य अनिल राम ने कहा कि अध्ययन यात्राओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से इतर वास्तविक जीवन में शैक्षणिक माहौल और अनुसंधान की झलक दिखाना है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसी उपयोगी यात्राओं के आयोजन का आश्वासन दिया।