रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा
– कठिन हालात में भी पुलिस ने निभाया फ़र्ज़

वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब 3 बजे मकरा खदान के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, टाटा 207 वाहन की सामने से आ रही कोयला लदी ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। कोयला लदी ट्रक अनपरा से रेणुकूट की ओर आ रही थी, वहीं टाटा 207 में कुछ नहीं लदा था और वह रेणुकूट की ओर से वापस अपनरा जा रही थी कि इस दौरान यह खतरनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद जहां टाटा 207 खाई में गिर गई वहीं कोयला लदी ट्रक भी रोड छोड़कर खाई में लटक गई परंतु वह नीचे नहीं गिरील हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गयाl टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

खाई की कठिन भौगोलिक स्थिति और दुर्गम रास्तों के बावजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद जवानों ने खाई में उतरकर ड्राइवर को बाहर निकाला।
गंभीर अवस्था में चालक को तुरंत हिंडाल्को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुशील कुमार (पुत्र ओम प्रकाश), निवासी जोगामऊ, रामनगर, बाराबंकी (उ.प्र.) के रूप में हुई है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।