रेणुकूट/सोनभद्र (अमिताभ मिश्रा)….

पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र के मलिन बस्ती में शनिवार की देर शाम पुलिस टीम ने व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान पिपरी थाना प्रभारी सत्येन्द्र कुमार राय ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर स्थानीय लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें और दूसरों को भी जागरूक करें। अभियान के दौरान संदिग्ध स्थानों पर खड़े लोगों की तलाशी भी ली गई।
पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि नशे का अवैध कारोबार और अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशे से जुड़ी गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा और शांति का संदेश गया। स्थानीय निवासियों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और आश्वासन दिया कि वे नशा मुक्त समाज बनाने में पुलिस का सहयोग करेंगे।