मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी एवं बनवासी सेवा आश्रम गोविंदपुर के सहयोग से शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर गांधी जयंती, स्वच्छता अभियान एवं युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 200 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के विचारों, स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता के संदेश तथा खादी के महत्व से परिचित कराना रहा। विद्यार्थियों को खादी की पहचान, उपयोगिता और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसर बढ़ाने में खादी व ग्रामोद्योग की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद कर गांधी जी के स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और खादी से जुड़े विचारों पर चर्चा की गई। स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को प्रोत्साहित करने का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को खादी के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। छात्र-छात्राओं को ‘हर दिल में खादी प्रतिज्ञा’ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने खादी एवं ग्रामोद्योग को अपनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने तथा खादी पहनकर कारीगरों का सम्मान करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गौतम त्रिपाठी, भीषम सिंह, पीएमसी टीम ग्रांट थॉर्नटन से रजनीश शर्मा तथा बनवासी सेवा आश्रम से विमल, लाल बहादुर, देवनाथ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और स्थानीय उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
