संवाददाता@अनिल अग्रहरी…..
डिवाइडर कटिंग से अचानक मुड़ा ट्रक, ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा; हाइवा चालक बाल-बाल बचा, केबिन क्षतिग्रस्त

डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर अल्ट्राटेक पार्किंग के सामने शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। डिवाइडर कटिंग से अचानक दाहिनी ओर मुड़ रहे ट्रक में पीछे से आ रहे कोयला लोड हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक बाल-बाल बच गया।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे रेणुकूट की ओर से कोयला लोड ट्रक वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान अल्ट्राटेक पार्किंग के सामने बनी डिवाइडर कटिंग से ट्रक चालक ने अचानक दाहिनी ओर पार्किंग में जाने के लिए वाहन मोड़ दिया। इसी बीच पीछे से तेज गति में आ रहे हाइवा चालक ने सामने ट्रक को देखकर अचानक ब्रेक और हैंडब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन ब्रेक फेल होने के कारण हाइवा अनियंत्रित हो गया और ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि हाइवा का अगला केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक केबिन के अंदर फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। हाइवा चालक की पहचान अरुण कुमार भारती निवासी चपकी, बीजपुर के रूप में हुई है। गनीमत रही कि हादसे में चालक को कोई चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलने के काफी देर बाद डाला पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
डिवाइडर कटिंग बना हादसों का डेंजर जोन; इस घटना के बाद एक बार फिर अल्ट्राटेक पार्किंग के सामने बने डिवाइडर कटिंग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में स्थित बड़े सीमेंट प्लांट की पार्किंग में भारी वाहनों के आने-जाने के बावजूद यहां कोई सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं है। न ही डाला पुलिस चौकी की ओर से इस स्थान पर नियमित पुलिस ड्यूटी लगाई जाती है।

लोगों के मुताबिक इस डिवाइडर कटिंग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय नागरिक कई बार शासन-प्रशासन से यहां पुलिसकर्मियों की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लोगों ने संबंधित विभाग और अल्ट्राटेक प्रबंधन से तत्काल सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, यातायात नियंत्रण और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।