संवाददाता@कामेश्वर विश्वकर्मा…..

जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम जुगैल टोला खोखरी डांड़ में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर से लापता 62 वर्षीय व्यक्ति का शव पहाड़ी पर फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अमृत लाल यादव (62), पुत्र स्वर्गीय दूदूल यादव, 26 नवंबर की शाम करीब पांच बजे घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच शुक्रवार, 27 नवंबर को उनका शव गांव की एक पहाड़ी पर फंदे से लटकता हुआ मिला।

घटना की सूचना मृतक की पत्नी रजवंती ने लिखित रूप से जुगैल पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए लोढ़ी स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।