@जे0 के0……
जिला पंचायत सोनभद्र ने आदेश को बताया कूटरचित, नौकरी के नाम पर धनराशि और दस्तावेज न देने की अपील

Sonbhadra। मातृभूमि योजना के अंतर्गत संचालित बताई जा रही ‘अटल मुक्त शिक्षा साथी’ योजना में अटल शिक्षक एवं अटल शिक्षिका की नियुक्ति को लेकर जारी आदेश को जिला पंचायत सोनभद्र ने पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है। जिला पंचायत ने आम जनमानस से इस फर्जी आदेश के झांसे में नहीं आने की अपील की है।

अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सोनभद्र राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि 26 नवंबर को दूरभाष के माध्यम से जानकारी मिली कि विशेष सचिव, पंचायती राज विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के नाम से पत्र संख्या 3482/पं०रा०वि०/2026, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 जारी किया गया है। इसमें मातृभूमि योजना के तहत ‘अटल मुक्त शिक्षा साथी’ योजना में प्राथमिक स्तर पर अटल शिक्षक एवं अटल शिक्षिका की नियुक्ति के निर्देश दिए जाने का दावा किया गया है।

जिला पंचायत ने स्पष्ट किया है कि उक्त पत्र पूरी तरह फर्जी और कूटरचित है। अराजक तत्वों द्वारा जालसाजी कर यह आदेश जारी किया गया है, जिसका उद्देश्य शासन और सरकार की छवि धूमिल करने के साथ ही आम लोगों को गुमराह करना है।

जिला पंचायत ने लोगों को आगाह किया है कि इस फर्जी आदेश के आधार पर किसी भी नियुक्ति संबंधी सूचना पर भरोसा न करें। नौकरी दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति को धनराशि न दें और न ही अपने व्यक्तिगत दस्तावेज उपलब्ध कराएं।

अपर मुख्य अधिकारी आर के चौधरी ने अपील की है कि शासनादेश और नियुक्ति से जुड़ी किसी भी सूचना की पुष्टि केवल अधिकृत सरकारी माध्यमों से ही करें, ताकि नौकरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचा जा सके।