मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..वेतन विसंगतियां दूर करने और कर्मचारियों का उत्पीड़न रोकने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

मानव संसाधन नीति लागू करने और वेतन विसंगतियां दूर करने की मांग को लेकर वीबी-जीरामजी कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष विनय मिश्रा के नेतृत्व में सोनभद्र में कर्मचारियों ने गुरुवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने शासन और विभागीय अधिकारियों पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कार्य बहिष्कार और आंदोलन का ऐलान किया। महासंघ ने निर्णय लिया है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 2 दिसंबर से लखनऊ के ईको गार्डन में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने कहा कि अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (एपीओ), तकनीकी सहायक, खंड तकनीकी सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखा सहायक और ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से अपनी सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए पत्राचार कर रहे हैं। महंगाई के अनुरूप वेतन वृद्धि, समानता के आधार पर वेतन निर्धारण और लंबित मानव संसाधन नीति लागू करने की मांग के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

कर्मचारियों ने सामाजिक सुरक्षा नीति लागू करने, चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और कार्य के नाम पर किए जा रहे उत्पीड़न पर रोक लगाने की भी मांग की। उनका कहना है कि शासन स्तर पर वार्ता और आश्वासन के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।

महासघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर सभी संवर्गों के कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर आंदोलन में शामिल होंगे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अविलाश सिंह, आशीष सोनकर, हरिशंकर, सुनील कुमार, पंकज कुमार, अवनीश शर्मा सहित विभिन्न संवर्गों के तकनीकी सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखा सहायक और एपीओ मौजूद रहे।