मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..डायल 112 की मदद से हुआ रेस्क्यू, अस्पताल में चल रहा उपचार; बच्ची को किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, इसकी जानकारी नहीं

रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के चुर्क स्थित ग्राम कुरा में रेलवे ट्रैक के किनारे एक नवजात बालिका मिलने से सनसनी फैल गई। जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही मासूम को चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने डायल 112 पुलिस के सहयोग से सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे उपचार के लिए रॉबर्ट्सगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक के किनारे नवजात बच्ची मिलने की सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम सक्रिय हो गई। परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, सुपरवाइजर अंशु गिरि और सुधा गिरि डायल 112 की पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। संयुक्त टीम ने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जिलाधिकारी चर्चित गौर के संरक्षण और जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। फिलहाल बच्ची की हालत और उसे रेलवे ट्रैक के किनारे छोड़ने के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने लोगों से अपील की कि कहीं भी कोई बच्चा लावारिस या संकट की स्थिति में मिले तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि बच्चे की परवरिश करने में असमर्थ होने पर उसे असुरक्षित छोड़ने के बजाय बाल कल्याण समिति या चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से कानूनी सहायता और संरक्षण प्राप्त किया जा सकता है।