मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने पकड़ा, नकदी, मोबाइल, लैपटॉप और स्कॉर्पियो बरामद

रॉबर्ट्सगंज के हनुमत सोलर हाउस में करीब चार करोड़ रुपये के गबन के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीनों को प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा। उनके पास से 69,500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, चार क्रेडिट कार्ड और एक स्कॉर्पियो-एन गाड़ी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, फर्म संचालक विकास सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान में पहले काम करने वाले मैनेजर हरिगोविन्द सिंह पटेल और अन्य कर्मचारियों ने उनकी गैरमौजूदगी में करोड़ों रुपये का गबन किया। आरोप है कि इस मामले में शिकायत और रुपये की वसूली की कार्रवाई से बचने के लिए आरोपियों ने सोशल मीडिया पर एआई से तैयार युवती की तस्वीर के साथ भ्रामक सामग्री प्रसारित कर फर्म संचालक की छवि खराब करने की कोशिश की।

शिकायत के आधार पर रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन पता की और प्रयागराज में घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में हरिगोविन्द सिंह पटेल, विरेन्द्र प्रताप केशरी और इन्द्रेश सिंह पटेल शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।