रेणुकूट संवाददाता@अमिताभ..

कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय पिपरी और बिड़ला मार्केट स्थित रेणुकूट औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को अनपरा स्थित मेगा इंजीनियरिंग इन्फ्रा पावर एनर्जी लिमिटेड (एमईआईएल) परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में टीबी की रोकथाम के साथ ही श्रमिकों को विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान कुल 92 मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया गया तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सकों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। इसके बाद चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दत्त त्रिपाठी ने किशोरों एवं युवाओं में ऑनलाइन गेमिंग के दुष्प्रभावों पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग की लत आर्थिक परेशानी, तनाव, अवसाद और आत्महत्या जैसी गंभीर परिस्थितियों का कारण बन सकती है। उन्होंने ईएसआईसी योजना के अंतर्गत मिलने वाली सुविधाओं और लाभों की भी जानकारी दी।

द्वितीय सत्र में श्रमिकों को कोयला खदानों एवं तापीय विद्युत परियोजनाओं से निकलने वाली राख के कारण होने वाले व्यावसायिक स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में बताया गया। विशेष रूप से फेफड़ों की बीमारियों और टीबी के लक्षण, जांच एवं उपचार की जानकारी दी गई। उन्होंने समय रहते बीमारी की पहचान कर ईएसआई औषधालय अथवा चिकित्सालय में उपचार कराने की अपील की।

शिविर में रेणुकूट औषधालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषिमणि त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फार्मासिस्ट शैलेंद्र कुमार शुक्ला, साधना कुशवाहा, मनीष कुमार एवं मनोज कुमार ने भी सहयोग किया।