शक्तिनगर संवाददाता@वीरेंद्र यादव…
..परसवार राजा में महिलाओं से किया सीधा संवाद, स्वरोजगार प्रशिक्षण की उठी मांग; 100 महिलाओं को मच्छरदानी वितरित

एनटीपीसी सिंगरौली के वनिता समाज की ओर से सामाजिक सरोकार एवं महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम परसवार राजा में ग्रामीण महिलाओं के साथ संवाद एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वनिता समाज की अध्यक्षा श्रीमती ई. निर्मला ने महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और रोजगार संबंधी चुनौतियों की जानकारी ली।

महिलाओं ने ब्यूटीशियन, सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण एवं प्रौढ़ शिक्षा कार्यक्रम शुरू कराने की मांग रखी। संवाद के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि यदि गांव में ही प्रशिक्षण की व्यवस्था उपलब्ध हो जाए तो वे घरेलू जिम्मेदारियों के साथ हुनर सीखकर स्वरोजगार से जुड़ सकती हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे सकती हैं।

इस पर श्रीमती ई. निर्मला ने महिलाओं को कौशल विकास एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के तहत वनिता समाज की ओर से 100 ग्रामीण महिलाओं को मच्छरदानियां वितरित की गईं। वहीं प्राथमिक विद्यालय परसवार राजा के बच्चों को अल्पाहार प्रदान किया गया। इस दौरान बच्चों को नियमित पढ़ाई, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

श्रीमती ई. निर्मला ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का वास्तविक उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा, कौशल और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना है। प्रत्येक महिला में आगे बढ़ने की क्षमता होती है, जरूरत केवल उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की है। उन्होंने कहा कि वनिता समाज ग्रामीण महिलाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रोजगारपरक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत रहेगा।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अविनाश कुमार ने वनिता समाज की पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव की महिलाओं में सिलाई, ब्यूटीशियन एवं अन्य स्वरोजगार गतिविधियों के प्रति रुचि है, लेकिन प्रशिक्षण और संसाधनों के अभाव में उन्हें अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन में ग्राम पंचायत की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में वनिता समाज की वरिष्ठ सदस्याओं के साथ ग्राम प्रधान अविनाश कुमार एवं एनटीपीसी सिंगरौली के कार्यपालक (सीएसआर) कुमार आदर्श उपस्थित रहे। ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक संवाद में हिस्सा लेकर अपनी अपेक्षाएं और समस्याएं साझा कीं। वनिता समाज की इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में नई उम्मीद जगी है।