संवाददाता@मिथिलेश जावसवाल…..
शिक्षकों के सम्मान और हितों की रक्षा का मिला भरोसा, कोन को नंबर वन बनाए रखने में मांगा सहयोग

भदोही जनपद से स्थानांतरित होकर सोनभद्र आए नवागत खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने शुक्रवार को कोन ब्लॉक के बीआरसी परिसर में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। उनके आगमन पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने एकजुटता का परिचय देते हुए भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मिथिलेश कुमार गुप्ता ने अपनी पूरी ब्लॉक कार्यकारिणी के साथ बुके भेंटकर, माल्यार्पण एवं मिठाई खिलाकर नवागत खंड शिक्षा अधिकारी का स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में संगठन के ब्लॉक संगठन मंत्री ईश्वर नारायण, प्रचार मंत्री शशिभूषण द्विवेदी, ब्लॉक कोषाध्यक्ष जैनुल आबदीन, संयुक्त मंत्री शकील अहमद एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्व प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही। संगठन की एकजुट उपस्थिति ने शिक्षक हितों के प्रति प्रतिबद्धता और आपसी समन्वय का संदेश दिया।

इसके अलावा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष रितेश जायसवाल, यूटा के ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतम पांडेय समेत अन्य शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बुके एवं माल्यार्पण कर नवागत बीईओ का स्वागत किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संगठन मंत्री राजू सिंह, जिला प्रचार मंत्री कासिद हुसैन, यूटा के मंडलीय मंत्री अंजनी द्विवेदी, बीआरसी के योगेश सिंह, नीलमणि मिश्रा तथा टीएससीटी के ब्लॉक अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद गुप्त समेत दर्जनों शिक्षक मौजूद रहे।

स्वागत के दौरान शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी के साथ शिक्षकों के सम्मान, हितों एवं उनकी समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इस पर नवागत खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने आश्वस्त किया कि शिक्षकों के हितों का सम्मान किया जाएगा तथा सकारात्मक संवाद और आपसी सहयोग से कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कोन ब्लॉक पूर्व में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नंबर वन स्थान हासिल करता रहा है। इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए सभी शिक्षकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से पूर्व की भांति सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि कोन ब्लॉक शिक्षा के क्षेत्र में अपना अग्रणी स्थान बरकरार रख सके।
शिक्षक संगठनों की एकजुट उपस्थिति, आत्मीय स्वागत और सकारात्मक संवाद के बीच आयोजित यह कार्यक्रम नवागत अधिकारी के स्वागत के साथ-साथ कोन ब्लॉक में बेहतर शैक्षिक वातावरण एवं सामूहिक सहयोग की नई उम्मीद का संदेश देता नजर आया।