संवाददाता@रामबली मिश्रा……
एनटीपीसी रिहंद परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमि पूजन, परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने यजमान के रूप में निभाई भूमिका

देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर एनटीपीसी रिहंदनगर परिसर स्थित रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर प्रांगण में भगवान श्री जगन्नाथ जी के स्थायी मंदिर निर्माण का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस धार्मिक आयोजन से परिसर में भक्तिमय माहौल रहा और भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर समिति एवं रिहंद पूजा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिलान्यास समारोह में परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी तथा महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी यजमान के रूप में शामिल हुए। विद्वान पंडित शास्त्री जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से शिला पूजन एवं भूमि पूजन संपन्न कराया।

कार्यक्रम में रिहंद पूजा समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक एनएस कोरंगा, अपर महाप्रबंधक ब्रजेश कुमार यादव, मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष एवं उप महाप्रबंधक जीसी साहू, बीएमएस अध्यक्ष राकेश राय, महामंत्री एसएन पाठक, संजय कुमार, अनिल त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस पावन अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ जी के स्थायी मंदिर निर्माण की आधारशिला रखे जाने से श्रद्धालुओं एवं मंदिर समिति के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद यह श्रद्धालुओं की आस्था, भक्ति और धार्मिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।