मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश, सड़क सुरक्षा के लिए लोगों से की अपील

यातायात माह नवंबर-2026 के तहत बुधवार को रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बढ़ौली चौराहे से यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।

रैली में यातायात पुलिस, डायल-112 और मिशन शक्ति की टीम ने स्कूटी व मोटरसाइकिल के साथ प्रतिभाग किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर कुमार सिंह, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जागरूकता अभियान के दौरान वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की गई।

साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग नहीं करने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने और गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया गया।

एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में आमजन की सहभागिता बेहद जरूरी है।

यातायात माह के दौरान सोनभद्र पुलिस की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर वाहन चालकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।