संवाददाता@संदीप अग्रहरी….

म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जन्म के महज 12 घंटे बाद नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बच्ची को पाउडर वाला दूध पिलाने से दूध श्वांस नली में फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।

बेलहत्थी के निहाईपाथर गांव निवासी फूलकुंवर (22) ने मंगलवार सुबह बच्ची को जन्म दिया था। शाम करीब पांच बजे बच्ची की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने प्रसूता को घर ले जाने के लिए छह घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार किया, अंततः रात एक बजे निजी वाहन से प्रसूता और नवजात के शव को घर ले जाया गया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि बच्ची की मौत श्वांस नली में दूध फंसने से हुई। प्रसूता की हालत गंभीर होने के कारण उसे छुट्टी नहीं दी जा रही थी। उधर, प्रसूता के जेठ कमला खरवार ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाया है।