संवाददाता@उपेंद्र तिवारी…..

धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता के संगम के रूप में बुधवार को दुद्धी में यादव महासभा एवं गोवर्धन पूजा समिति के तत्वावधान में 14वां भव्य गोवर्धन पूजा महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। नेपाल से पहुंचे जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी ने आयोजन को भारत-नेपाल की सांस्कृतिक मित्रता का विशेष स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में नेपाल सरकार के पूर्व मंत्री एवं सांसद मातृका प्रसाद यादव मुख्य अतिथि तथा मधेश प्रदेश नेपाल की विधायक डॉ. रीना यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अलावा पूर्व सदस्य नीति एवं योजना आयोग विजय यादव तथा नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय सदस्य एवं एनसीपी नेपाल की नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन की सदस्य डॉ. कृतिका की उपस्थिति रही।

महोत्सव का शुभारंभ गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ। महिलाओं एवं युवतियों ने पूजा स्थल से कलश लेकर प्राचीन शिवाजी तालाब पहुंचकर जल भरा। इसके बाद वापस पूजा स्थल पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण गाजीपुर से पहुंचे बाबा सुरेंद्र पंथी का पारंपरिक अग्नि एवं दुग्ध अनुष्ठान रहा। बाबा ने सूखे उपलों में मंत्रोच्चार के बीच अग्नि प्रज्वलित कर दूध गर्म किया और उसी अग्नि पर खीर तैयार कराई। इसके बाद खौलते दूध से स्नान करने का अनुष्ठान प्रस्तुत किया। इसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। पूजा का विधिवत संपादन पंडित शिवपूजन मिश्र ने कराया।
मुख्य अतिथि मातृका प्रसाद यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और अहंकार त्यागने का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा के माध्यम से प्रकृति के महत्व को स्थापित किया था। उन्होंने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सामाजिक विकास और मजबूत भविष्य के लिए शिक्षा सबसे आवश्यक है।

विशिष्ट अतिथि विधायक डॉ. रीना यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन अहंकार त्यागकर जनकल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। गोवर्धन पूजा प्रकृति, संस्कृति और सामाजिक समरसता के संरक्षण का संदेश देती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश यादव ने की तथा संचालन सत्यनारायण यादव एडवोकेट ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामबिहारी यादव, संजय यादव, रामेश्वर राय, पूर्व प्राचार्य डॉ. रामजीत यादव, यदुनाथ यादव, बुधिनारायण यादव, हरिशंकर यादव, सरजू यादव, अभिनाथ यादव, अवधेश यादव समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली के एसएसआई संजय सिंह, एसआई श्यामजी यादव तथा महिला थाना प्रभारी संतु सरोज पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहीं।
नेपाल के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से दुद्धी का 14वां गोवर्धन पूजा महोत्सव धार्मिक परंपरा के साथ भारत-नेपाल की सांस्कृतिक मित्रता और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।