ब्यूरो@जे0 के0….
स्थानीय लोगों ने चालक पर नशे में होने का लगाया आरोप, ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की आवाजाही पर उठे सवाल

Sonbhadra। चोपन थाना क्षेत्र की मारकुंडी घाटी में एक तेज रफ्तार मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन पहाड़ी से नीचे गिरने से बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे का मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन चालक नशे की हालत में था, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित हुआ। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना ने एक बार फिर मारकुंडी घाटी में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाले मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी चिंता का विषय बनी हुई है। इन वाहनों की मनमानी और तेज रफ्तार से आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

मारकुंडी घाटी का रास्ता पहले से ही दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण, ओवरलोडिंग की जांच और बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस से नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।