संवाददाता@रामबली मिश्रा…..
अन्नकूट पर्व पर भजन-कीर्तन के साथ हुई पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं में वितरित किया गया प्रसाद

स्थानीय बेड़िया हनुमान मंदिर में सोमवार को अन्नकूट पर्व बड़े ही श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के पकवानों से सुसज्जित छप्पन भोग अर्पित किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान की आराधना कर सुख-समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना की।

मंदिर के पुजारी आचार्य अनूप शुक्ल ने बताया कि दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव मनाने की परंपरा है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के पकवानों का छप्पन भोग अर्पित किया जाता है। उन्होंने गोवर्धन पूजा की पौराणिक कथा सुनाते हुए बताया कि द्वापर युग में भगवान इंद्र ने अपने अहंकार में आकर ब्रजवासियों पर मूसलाधार बारिश कराई थी।

तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों की रक्षा की और इंद्र का अहंकार चूर-चूर कर दिया। तभी से गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाने की परंपरा चली आ रही है।

सोमवार की सुबह मंदिर में भजन-कीर्तन के बाद भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात ‘आरती कुंज बिहारी की’ के साथ विधिवत आरती संपन्न हुई। अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर यशवंत सिंह, प्रभुनारायण चौबे, संदीप उपाध्याय, रामकृत गुप्ता, अमरेश चंद, कन्हैया यादव, कन्हैया वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।