संवाददाता@रामबली मिश्रा…..
— कई महिलाओं के घायल होने की सूचना, पुलिस ने तीन आरोपियों को न्यायालय भेजा

बीजपुर थाना क्षेत्र के जरहा गांव के टोला डीघुल में सोमवार को जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठियां चलीं। इस घटना में कई महिलाओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मारपीट की घटना के बाद गांव में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जरहा गांव के टोला डीघुल में जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों तरफ से लाठियां चलने लगीं। इस दौरान कई महिलाओं के घायल होने की बात कही जा रही है।

मामले में जरहा निवासी सत्यप्रकाश पुत्र सूचित ने पुलिस को तहरीर देकर रामनरेश, राजेश, बृजेश और अर्जुन पुत्रगण रूपचंद, निवासी टोला डीघुल, जरहा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(3) और 352 के तहत कार्रवाई की है।

इस संबंध में बीजपुर के प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में बालकुमार, राजेश और अर्जुन को न्यायालय भेजा गया है। पुलिस पूरे प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।