चुर्क संवाददाता@संजय सिंह…

राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की ओर से 26 से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम ‘स्मार्ट नवीकरणीय ऊर्जा प्रबंधन में एआई के अनुप्रयोग (AAI-SREM 2026)’ के दूसरे दिन विभिन्न तकनीकी सत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग, सौर ऊर्जा प्रणालियों की दक्षता और विद्युत क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के पहले सत्र में इंग्लैंड (यूके) की एक्सप्लियो (Expleo) कंपनी के प्रिंसिपल एम्बेडेड सिस्टम्स इंजीनियर ई. राघवेंद्र त्रिपाठी ने ‘सुरक्षित एवं जिम्मेदार एआई’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने इंजीनियरिंग अनुप्रयोगों में एआई के इस्तेमाल से जुड़ी चुनौतियों, संभावित जोखिमों और बेहतर कार्यप्रणालियों की जानकारी दी। उन्होंने एआई तकनीक के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के महत्व को भी रेखांकित किया।

दूसरे तकनीकी सत्र में श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय, कटरा (जम्मू-कश्मीर) के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. टी. चिरंजीवी ने सोलर फोटोवोल्टिक (पीवी) प्रणालियों के सटीक पैरामीटर अनुमान और प्रभावी मॉडलिंग के लिए उन्नत कम्प्यूटेशनल इंटेलिजेंस तकनीकों पर विचार रखे। उन्होंने बताया कि बुद्धिमान अनुकूलन विधियां सौर ऊर्जा प्रणालियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने, ऊर्जा रूपांतरण दक्षता बढ़ाने और सौर ऊर्जा के विद्युत ग्रिड में विश्वसनीय एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

अंतिम तकनीकी सत्र में एमएनएनआईटी इलाहाबाद के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नवनीत कुमार सिंह ने विद्युत प्रणालियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका और विद्युत मांग के पूर्वानुमान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एआई आधारित तकनीकों के माध्यम से विद्युत ग्रिड की प्रमुख चुनौतियों का समाधान करने के साथ-साथ पावर इंजीनियरिंग और लोड फोरकास्टिंग को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दूसरे दिन का समापन संयोजक एवं विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष श्री राम ईश्वर वैस तथा कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनुराग सेवक द्वारा आमंत्रित वक्ताओं को स्मृति चिह्न भेंट कर किया गयाकार्यक्रम का उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा प्रबंधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक अनुप्रयोगों, आधुनिक तकनीकी समाधानों और ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार की संभावनाओं से प्रतिभागियों को परिचित कराना है इस अवसर पर डॉ. पी.के. वर्मा, डॉ. आशीष रंजन मिश्रा, श्री सिकंदर, डॉ. राखी यादव, सुश्री खुशबू सिंह, श्री रवि प्रताप सिंह, श्री पद्माकर त्रिपाठी एवं श्री सोनू सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।