संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी कैंपस शक्तिनगर एवं साहित्यिक-सामाजिक संस्था सोन संगम शक्तिनगर के संयुक्त तत्वावधान में आदि कवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी एवं काव्य संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीएम श्री राजकीय महाविद्यालय शक्तिनगर के हिंदी प्राध्यापक डॉ. बृजेश कुमार पांडेय रहे, जबकि अध्यक्षता सेंट जोसेफ स्कूल शक्तिनगर के भौतिक विज्ञान प्राध्यापक विमल शर्मा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ वसुधा मिश्रा ने भगवान हेरंब एवं वाणी वंदना की सस्वर प्रस्तुति से किया। सोन संगम के कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार दुबे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से भगवान श्रीराम के चरित्र को पूरी दुनिया में ऊंचाई प्रदान की।

विषय स्थापना करते हुए डॉ. माणिक चंद पांडेय ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने क्रौंच पक्षी के करुण क्रंदन को महसूस किया, जो आगे चलकर रामायण जैसे महान काव्य की आधारभूमि बना। मुख्य अतिथि डॉ. बृजेश पांडेय ने सुमित्रानंदन पंत की पंक्ति का उल्लेख करते हुए वाल्मीकि की संवेदना को रेखांकित किया। अध्यक्ष विमल शर्मा ने उन्हें संवेदना का कवि बताते हुए रामायण को शांति और मानवता का संदेशवाहक बताया।

काव्य संध्या में विमल शर्मा, वरिष्ठ कवि कृपा शंकर ‘माहिर मिर्जापुरी’, बहर बनारसी, डॉ. बृजेश पांडेय और रमाकांत पांडेय ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। संचालन डॉ. माणिक चंद पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन मुकेश कुमार रेल ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।