Last Updated:
बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने 11 अक्टूबर को अपना 84वां जन्मदिन मनाया. इस खास मौके पर बिग बी के घर जलसा के बाहर फैंस की भीड़ उमड़ी. अमिताभ बच्चन को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में 50 साल से ज्यादा समय हो चुका है. 5 दशक लंबे करियर के दौरान बिग बी ने एक से बढ़कर एक हिट और ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं. आज उनकी 7 ऐसी फिल्मों पर नजर डालते हैं जिनमें बिग बी ने ढलती उम्र में भी खुदको साबित किया.
ब्लैक(2005)- अमिताभ बच्चन के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में ‘ब्लैक’ का नाम जरूर शामिल किया जाता है. साल 2005 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया था. फिल्म में अमिताभ ने देबराज सहाय का किरदार निभाया, जो एक ऐसी लड़की को जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता दिखाते हैं, जो देख और सुन नहीं सकती.
‘ब्लैक’ में रानी मुखर्जी ने मिशेल मैकनेली की भूमिका निभाई थी. देबराज अपने अनोखे तरीके से मिशेल को दुनिया को समझना और अपनी क्षमताओं पर भरोसा करना सिखाते हैं. फिल्म की कहानी स्टूडेंट और टीचर के रिश्ते, संघर्ष और आत्मविश्वास के इर्द-गिर्द घूमती है. अमिताभ बच्चन ने अपने किरदार में भावनाओं की गहराई और गंभीरता को बखूबी उतारा. वहीं, रानी मुखर्जी की अदाकारी ने भी दर्शकों को प्रभावित किया. ‘ब्लैक’ को अमिताभ की बेहतरीन परफॉर्मेंस वाली फिल्मों में गिना जाता है.
अमिताभ बच्चन ने अपने करियर में कई गंभीर किरदार निभाए हैं, लेकिन फिल्म ‘पीकू’ में उनका अंदाज कुछ अलग नजर आया. साल 2015 में रिलीज हुई इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म का निर्देशन शूजित सरकार ने किया था. फिल्म में अमिताभ ने भास्कर बनर्जी का किरदार निभाया, जो अपनी बेटी पीकू के साथ रहते हैं. दीपिका पादुकोण ने उनकी बेटी की भूमिका निभाई, जबकि इरफान खान भी अहम किरदार में नजर आए. भास्कर अपनी सेहत और पेट से जुड़ी समस्याओं को लेकर काफी परेशान रहते हैं. फिल्म पिता-बेटी के रिश्ते को रोजमर्रा की छोटी-छोटी घटनाओं के जरिए खूबसूरती से दिखाती है. अमिताभ की कॉमिक टाइमिंग और सहज अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘पिंक’ हिंदी सिनेमा की उन फिल्मों में शामिल है, जिन्होंने समाज को एक जरूरी मुद्दे पर सोचने के लिए मजबूर किया. साल 2016 में रिलीज हुई इस कोर्टरूम ड्रामा का निर्देशन अनिरुद्ध रॉय चौधरी ने किया था. फिल्म में अमिताभ ने वकील दीपक सहगल का किरदार निभाया, जो तीन युवतियों को न्याय दिलाने के लिए अदालत में उनका पक्ष रखते हैं. तापसी पन्नू, कीर्ति कुल्हारी और एंड्रिया तारियांग ने अहम भूमिकाएं निभाईं. ‘पिंक’ अमिताभ के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल है.
साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘मोहब्बतें’ में अमिताभ बच्चन ने एक सख्त प्रिंसिपल का किरदार निभाया था. आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए. अमिताभ ने गुरुकुल के प्रिंसिपल नारायण शंकर की भूमिका निभाई, जो अपने संस्थान में अनुशासन को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं और प्यार को कमजोरी मानते हैं. ‘मोहब्बतें’ अमिताभ बच्चन के करियर की सबसे अहम फिल्मों में से थी. इस फिल्म से बिग बी के डूबते करियर को सहारा मिला था.
अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर की जोड़ी ने फिल्म ‘102 नॉट आउट’ में दर्शकों को हंसाने के साथ भावुक भी किया. साल 2018 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन उमेश शुक्ला ने किया था. कहानी 102 साल के दत्तात्रेय वखारिया और उनके 75 वर्षीय बेटे बाबूलाल के इर्द-गिर्द घूमती है. अमिताभ बच्चन ने दत्तात्रेय का किरदार निभाया, जो उम्र के इस पड़ाव पर भी जिंदगी को पूरे उत्साह के साथ जीना चाहते हैं. वहीं, ऋषि कपूर उनके बेटे बाबूलाल बने हैं, जो अपनी उम्र से पहले ही खुद को बूढ़ा मानने लगे हैं.
नाग अश्विन के निर्देशन में बनी ‘कल्कि 2898 एडी’ में अमिताभ बच्चन ने अश्वत्थामा का किरदार निभाकर दर्शकों को चौंका दिया. साल 2024 में रिलीज हुई इस साइंस-फिक्शन फिल्म में प्रभास, दीपिका पादुकोण और कमल हासन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए. फिल्म की कहानी भविष्य की एक ऐसी दुनिया दिखाती है, जहां इंसानियत, सत्ता और अस्तित्व की लड़ाई चल रही है. अमिताभ का किरदार महाभारत के अश्वत्थामा से प्रेरित है, जिसे अमरता का श्राप मिला है. फिल्म में वह एक शक्तिशाली योद्धा के रूप में दिखाई देते हैं. बिग बी ने ढलती उम्र में भी एक योद्धा का किरदार बखूबी निभाया था.
साल 2009 में अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और विद्या बालन की फिल्म पा रिलीज हुई थी. इस फिल्म में सबसे दिलचस्प बात थी कि पा में अमिताभ बच्चन ने बेटे का रोल अदा किया था. वहीं अभिषेक ने पिता का किरदार अदा किया था. फिल्म में बिग बी के अभिनय को काफी सराहा गया था. ये क्रिटिक्स द्वारा सराही गई फिल्मों में शामिल है.

