आदिवासी परिवार के तीन युवकों की मौत
चित्रकूट जिले के मानिकपुर क्षेत्र के हेला गांव में बंधा तालाब में पानी में डूबने से आदिवासी परिवार के तीन युवकों की मौत हो गई है. तालाब में नहाने गए थे तीनों दोस्त. जानकारी के अनुसार तीनों युवक सुबह अपने घर से निकले थे. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम को के लिए भेज दिया है. घटना मानिकपुर थाना क्षेत्र के हेला गांव की है.
देवबंद में दर्दनाक सड़क हादसा, माता शाकंभरी देवी की जोत लेकर जा रहे 4 श्रद्धालुओं की मौत
सहारनपुर: देवबंद में फ्लाईओवर पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. माता शाकंभरी देवी की जोत लेकर जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कैंटर/डंपर ने टक्कर मार दी. हादसे में अब तक चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. मृतकों की पहचान अमन, रमेश, सत्येंद्र और सागर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु मेरठ के सरधना क्षेत्र के रहने वाले थे. हादसे की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया.
रेणुसागर कॉलोनी में 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव
सोनभद्र की हिंडालको रेणुसागर कॉलोनी में 27 वर्षीय समीर खान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. युवक का शव एल टाइप आवास संख्या 40/1 में फंदे से लटका मिला. जानकारी के मुताबिक, घटना के समय युवक घर में अकेला था और उसकी पत्नी के मायके जाने की बात सामने आई है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की स्थिति साफ हो सकेगी.
CM योगी का किसान कल्याण पर पोस्ट, बोले- यूपी में 18% तक पहुंची कृषि विकास दर
सीएम योगी आदित्यनाथ ने किसान कल्याण को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार किसानों को बीज से बाजार तक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है. सीएम के मुताबिक, 2017 से पहले बदहाल स्थिति में रहा किसान आज विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त कर रहा है. किसानों को उन्नत बीज, सिंचाई, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है. योगी ने दावा किया कि यूपी की कृषि विकास दर 8 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गई है और देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में प्रदेश का योगदान 21 प्रतिशत है. उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक प्रदेश में 80 लाख से अधिक किसानों से 519 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान खरीदा गया और इसके बदले 1,03,833 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया. सीएम ने कहा कि किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना और उनकी खुशहाली सरकार की प्राथमिकता है.
यूपी में मिलावटखोरों पर शिकंजा, 1.04 करोड़ के 22 हजार किलो से ज्यादा खाद्य पदार्थ जब्त
नवरात्रि से पहले उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत जांच तेज कर दी गई है. प्रदेशभर में कार्रवाई करते हुए करीब 1.04 करोड़ रुपये के 22,642 किलो खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं. लखनऊ में दो प्रतिष्ठानों से करीब 86 लाख रुपये का 13.59 टन घी सीज किया गया, जबकि एटा में 1,500 किलो पनीर नष्ट कराया गया. हापुड़ में वनस्पति और रिफाइंड तेल से मिल्क क्रीम बनाने का मामला सामने आने पर 3,800 किलो सामग्री जब्त की गई. जौनपुर, कानपुर और औरैया में भी खाद्य तेल, वनस्पति और घी के टिन सीज किए गए हैं. हापुड़ और एटा में एफआईआर दर्ज की गई है. अधिकारियों को मिलावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ छोटे दुकानदारों के अनावश्यक उत्पीड़न पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं.
IAS-PCS अफसरों के गांव माधोपट्टी की बेटी मुस्कान सोलंकी ने हरियाणा PCS में लहराया परचम
जौनपुर के माधोपट्टी गांव की बेटी मुस्कान सोलंकी ने हरियाणा PCS परीक्षा में सफलता हासिल कर गांव का नाम रोशन किया है. IAS-PCS अधिकारियों के लिए पहचान रखने वाले इस गांव की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा साबित की है. मुस्कान का अगला लक्ष्य IAS अधिकारी बनना है. इसके लिए वह आगे भी अपनी तैयारी जारी रखना चाहती हैं.
‘किसी के रोके नहीं रुकेगा, अब दिल्ली में देश जुटेगा’, अखिलेश यादव का बयान
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि वह देश के युवाओं की ऊर्जा के साथ हैं. अखिलेश ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर सरकार ताकत के बल पर जनता को रोकने की कोशिश कर रही है, तो यह उसकी बड़ी भूल साबित होगी. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर अब केवल एक जगह का नाम नहीं, बल्कि नई चेतना और जागरण का प्रतीक बन गया है. अगर आंदोलनकारियों को रोका गया, तो देश के हर हिस्से में जंतर-मंतर बन जाएगा. अपने संदेश में अखिलेश ने युवाओं के हौसले और एकजुटता का भी जिक्र किया.
दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर सुबह-सुबह भीषण जाम, पुलिस अलर्ट; बैरिकेडिंग कर बढ़ाई गई सुरक्षा
शनिवार सुबह 6:45 बजे दिल्ली-नोएडा बॉर्डर की सड़क पर जबरदस्त ट्रैफिक जाम देखने को मिला. आमतौर पर शनिवार की सुबह इस सड़क पर जाम नहीं लगता, लेकिन आज वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं. सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली पुलिस, नोएडा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान मुस्तैदी से तैनात हैं. बॉर्डर पर बैरिकेडिंग भी की गई है. सुबह-सुबह जाम लगने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन 10 अक्टूबर रात 10 बजे तक बंद
नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी सूचना है. दिल्ली के सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन 9 अक्टूबर की रात से 10 अक्टूबर 2026 की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे. हालांकि, आनंद विहार (दिल्ली) से मोदीपुरम के बीच नमो भारत ट्रेन सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार सुचारू रूप से चलती रहेंगी. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन बंद रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं.
आगरा में ट्रैफिक पुलिसकर्मी और पूर्व फौजी के बीच मारपीट, वीडियो वायरल
आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र के छलेसर में ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक पूर्व फौजी के बीच जमकर मारपीट हो गई. दोनों के बीच बीच सड़क पर लात-घूंसे चले. इस दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फट गई. बताया जा रहा है कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के आरोप में ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने पूर्व फौजी को टोका था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया. मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. बताया जा रहा है कि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया.
आगरा होकर जाने वाली 50 से ज्यादा ट्रेनें रद्द
दिल्ली में प्रदर्शन के चलते रेल यातायात पर भी असर पड़ा है. आगरा होकर दिल्ली जाने वाली 50 से ज्यादा ट्रेनें 11 अक्टूबर तक रद्द कर दी गई हैं. रद्द होने वाली ट्रेनों में इंटरसिटी समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं. राजधानी, शताब्दी और तेजस जैसी ट्रेनों पर भी इसका असर पड़ा है. यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने ट्रेनों की स्थिति जानने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. जिन यात्रियों की ट्रेनें रद्द हुई हैं, उन्हें टिकट का पूरा पैसा वापस दिया जाएगा. ऐसे में यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांचने की सलाह दी जाती है.
मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि आज
इटावा: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर आज सैफई में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा. सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत परिवार के राजनीतिक और गैर-राजनीतिक सदस्य नेताजी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. अखिलेश यादव सुबह 10 बजे लखनऊ के अमौसी से हेलीकॉप्टर के जरिए सैफई के लिए रवाना होंगे. वह सुबह 11 बजे के बाद समाधि स्थल पहुंचकर नेताजी को श्रद्धांजलि देंगे.

