Last Updated:
Rose Gardening Tips: सर्दियों में घर की छत, बालकनी या आंगन को रंग-बिरंगे गुलाबों से सजाना चाहते हैं, तो अक्टूबर का महीना पौधे लगाने और उनकी तैयारी करने के लिए अच्छा समय है. गुलाबी, सफेद, पीले, लाल, नारंगी और मैजेंटा जैसे कई रंगों में गुलाब की वैरायटी मिलती हैं, लेकिन पौधा खरीदते समय सिर्फ उसके फूल देखकर फैसला करना सही नहीं है. गाजीपुर की ग्रीन गार्डन नर्सरी के संचालक आजाद अली के मुताबिक, गुलाब की 15 से 20 तक वैरायटी उपलब्ध हैं और आने वाले दिनों में कुछ नई किस्में भी मंगाई जाएंगी. यहां देसी गुलाब से लेकर अंग्रेजी गुलाब तक के विकल्प हैं, जिनकी कीमत भी 20 रुपये से शुरू होकर 220 रुपये तक जाती है.
Rose Gardening Tips: अगर आप भी सर्दियों के मौसम में अपने घर की छत, बालकनी या आंगन को रंग-बिरंगे और महकते हुए गुलाबों से सजाना चाहते हैं, तो अक्टूबर का यह महीना गार्डनिंग की शुरुआत करने के लिए बेहद खास है. इस मौसम में नर्सरी में गुलाबी, सफेद, पीले, लाल, नारंगी और मैजेंटा जैसे खूबसूरत रंगों में गुलाब की कई नई और शानदार वैरायटी मिलने लगती हैं. गाजीपुर की ग्रीन गार्डन नर्सरी के संचालक आजाद अली बताते हैं कि उनके पास इस समय गुलाब की 15 से 20 तरह की अलग-अलग किस्में उपलब्ध हैं. इसके साथ ही, गुलाब के शौकीनों को और भी अधिक विकल्प देने के लिए जल्द ही कोलकाता से कुछ और नई वैरायटी मंगाने की तैयारी की जा रही है.
अक्टूबर का समय गुलाब के नए पौधे लगाने और पुराने पौधों की छंटाई (कटिंग) के लिए सबसे बेहतर माना जाता है. गाजीपुर के मौसम में सर्दियों के दौरान गुलाब के फूल काफी बड़े आकार और बेहतरीन रंग-रूप के साथ खिलते हैं. वैसे तो गर्मियों में भी पौधों पर फूल आते हैं, लेकिन तेज धूप और गर्मी की वजह से उनका आकार छोटा रह जाता है और वे जल्दी मुरझा जाते हैं. इसलिए अगर आप चाहते हैं कि आपके गमले सुंदर फूलों से भरे रहें, तो 1 से 15 अक्टूबर के बीच पौधे लगाने और उनकी कटिंग का काम पूरा कर लेना चाहिए.
पौधे की सेहत देखकर करें खरीदारी
नर्सरी से पौधा खरीदते समय अक्सर लोग केवल खिले हुए फूल का सुंदर रंग और आकार देखकर उसे खरीद लेते हैं, जो कि गलत तरीका है. आजाद अली के अनुसार, फूल तो कुछ दिनों में मुरझा जाएगा, इसलिए खरीदारी करते समय हमेशा पौधे की सेहत और उसकी पत्तियों पर ध्यान देना चाहिए. पौधा चुनते समय देखें कि उसकी पत्तियां हरी-भरी और तना मजबूत हो. कमजोर, सूखी टहनियों या ज्यादा पीली पत्तियों वाले पौधों को लेने से बचें. जिस पौधे की बढ़वार अच्छी हो, वही गमले में आगे चलकर खूब फूल देगा.
देसी और अंग्रेजी गुलाब में से कौन सा चुनें?
गाजीपुर में कुछ लोग कम देखभाल वाले देसी गुलाब पसंद करते हैं, तो वहीं नियमित गार्डनिंग करने वाले लोग अंग्रेजी (हाइब्रिड) गुलाब की वैरायटी खरीदना पसंद करते हैं. अंग्रेजी गुलाब के पौधों में समय-समय पर छंटाई करने और सूखी टहनियों को हटाने जैसी थोड़ी ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है. वहीं देसी गुलाब कम देखभाल में भी आसानी से पनप जाते हैं. कीमत की बात करें तो नर्सरी में देसी गुलाब के पौधे 20 से 40 रुपये तक में मिल जाते हैं, जबकि अंग्रेजी गुलाब की अलग-अलग वैरायटी 80, 120 और 140 रुपये तक में उपलब्ध हैं. कुछ विशेष नारंगी रंग के बड़े गमले वाले पौधों की कीमत 220 रुपये तक भी होती है.
सही धूप, पानी और खाद से घर में महकेगा गुलाब
गुलाब के पौधे को स्वस्थ रखने के लिए उसे ऐसी जगह रखें जहाँ रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे की अच्छी धूप आती हो. गमले में पानी की निकासी का सही इंतजाम होना बेहद जरूरी है, क्योंकि मिट्टी में पानी जमा रहने से पौधे की जड़ें सड़ने लगती हैं. पौधे को हरा-भरा रखने के लिए हर 15 दिन के अंतराल पर सरसों की खली या नीम की खली जैसी जैविक खाद दें. खाद देते समय ध्यान रखें कि इसे सीधे तने से सटाकर न डालें, बल्कि गमले की मिट्टी की ऊपरी परत में हल्का सा मिलाकर बाद में पानी दे दें. छोटे गमलों (6-8 इंच) में 25-30 ग्राम और बड़े गमलों (10-12 इंच) में 50 ग्राम तक खाद देना काफी रहता है.
About the Author

Seema Nath is a digital journalist and content creator with 6 years of experience in journalism, including ground reporting, regional news coverage and feature writing. She currently works as a Content Producer…
और पढ़ें
