Noida Traffic Advisory: अगर आप 9 अक्टूबर को दिल्ली, नोएडा या ग्रेटर नोएडा की तरफ सफर करने वाले हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर पढ़ लें. नोएडा के सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर 9 अक्टूबर को कांशीराम परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत एडवाइजरी जारी की है.
एक्सप्रेसवे और प्रमुख मार्गों पर होगा डायवर्जन
कार्यक्रम के दौरान वाहनों की बढ़ती संख्या और संभावित यातायात दबाव को देखते हुए जरूरत के अनुसार नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे सहित आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक डायवर्जन यातायात के दबाव और कार्यक्रम स्थल के आसपास की स्थिति के आधार पर किया जाएगा. ऐसे में दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
इन रास्तों पर बदलेगा ट्रैफिक का रूट
- नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर चरखा गोलचक्कर से गऊशाला गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा. इसके बाद वाहन चालक अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे.
- कालिंदी कुंज, दिल्ली की ओर से चिल्ला/डीएनडी की तरफ जाने वाले वाहनों को सेक्टर-37, अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाने की सलाह दी गई है.
- नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर आने वाले मार्ग पर यदि दलित प्रेरणा स्थल के आसपास यातायात दबाव बढ़ता है, तो महामाया फ्लाईओवर से वाहनों को सेक्टर-37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा. इसके बाद वाहन सेक्टर-37 से अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.
दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 4 और 5 पर दबाव बढ़ने पर
यदि दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 4 और 5 के आसपास वाहनों का दबाव अधिक होता है, तो ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर आने वाले ट्रैफिक को फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर डायवर्ट किया जाएगा. यहां से वाहन सेक्टर-18, रजनीगंधा चौक, सेक्टर-15 गोलचक्कर अथवा सेक्टर-18 अंडरपास से एलिवेटेड रोड होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे.
नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहन
डीएनडी और फिल्मसिटी फ्लाईओवर के पास नोएडा से ग्रेटर नोएडा की दिशा में यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में वाहनों को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से सेक्टर-15 गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा. इसके बाद वाहन सेक्टर-15 गोलचक्कर से रजनीगंधा चौक, अट्टापीर चौक और सेक्टर-37 होते हुए आगे जा सकेंगे.
कार्यक्रम में आने वालों के लिए पार्किंग की अलग व्यवस्था
यातायात पुलिस ने कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों की पार्किंग की भी व्यवस्था की है. दिल्ली, चिल्ला और डीएनडी की ओर से आने वाले हल्के वाहनों को फिल्मसिटी के अंदर बनी मल्टीलेवल पार्किंग में पार्क किया जाएगा. वहीं, परी चौक, सेक्टर-37, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और कालिंदी कुंज की ओर से कार्यक्रम में आने वाले हल्के वाहनों के लिए सेक्टर-95 गंदा नाला के पास राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल की अंडरग्राउंड पार्किंग में व्यवस्था की गई है. इसके अलावा सेक्टर-60 और सेक्टर-18 की ओर से आने वाले हल्के वाहनों के लिए सेक्टर-38ए स्थित गार्डन गैलरीया के पास बनी पार्किंग का इस्तेमाल किया जाएगा.
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान आपातकालीन सेवाओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा. यातायात पुलिस के मुताबिक एम्बुलेंस, चिकित्सीय सेवाओं और फायर सर्विस के वाहनों को आवश्यकतानुसार सुरक्षित और सुचारू रूप से निकाला जाएगा. इसके लिए यातायात कर्मियों को तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य में देरी न हो.
ट्रैफिक पुलिस ने की अपील
गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. वाहन चालकों से यह भी कहा गया है कि वे यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और सड़क पर वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति पैदा न करें. यातायात से जुड़ी किसी भी असुविधा या सहायता के लिए वाहन चालक ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं.
पुलिस की सलाह है कि 9 अक्टूबर को दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर निकलें और यात्रा शुरू करने से पहले अपने रूट की स्थिति जरूर जांच लें. कार्यक्रम में उमड़ने वाली संभावित भीड़ के मद्देनजर कुछ मार्गों पर अचानक डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है.

