@जे0 के0……

SONBHADRA। स्वतंत्रता दिवस पर जनपद सोनभद्र में हर तरफ देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत घर-घर तिरंगा लहराया गया। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सरकारी भवनों को रंगीन रोशनी से सजाया गया, वहीं विभिन्न प्रतिष्ठानों में भी आकर्षक सजावट की गई। हालांकि मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल परिसर में तिरंगा लाइटिंग जैसी सजावट देखने को नहीं मिली।

इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के ब्लॉक-2 के प्रभारी डॉ. अवनीश शाह से फोन पर बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि सजावट के लिए आदेश देर से प्राप्त हुआ। साथ ही तिरंगा लाइटिंग का सामान उपलब्ध नहीं हो सका और सजावट करने वाले कारीगर भी नहीं मिले। बाजार से लाइटिंग का सामान खरीदने का प्रयास किया गया, लेकिन आवश्यक रंगों की लाइट उपलब्ध नहीं होने के कारण सजावट नहीं हो सकी।

उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने के लिए मेडिकल कॉलेज में रंगीन गुब्बारों से सजावट की गई। परिसर में सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां लोगों ने स्वतंत्रता दिवस की यादें साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान मिठाइयों का वितरण भी किया गया।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार, संसाधनों की कमी के बावजूद स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मरीजों, तीमारदारों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के बीच देशभक्ति का माहौल बनाए रखने का प्रयास किया गया।




