Last Updated:
Lucknow Gomti River Flood: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कई इलाकों में बाढ़ की समस्या से लोग जूझ रहे हैं. सबसे ज्यादा असर फैजुला इलाके में है. लोग पानी के बीच रहने को मजबूर हैं. हर तरफ पानी ही पानी है. इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में रखा गया है.
लखनऊ में बाढ़ से हाहाकार.
लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ का पानी लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्रभावित इलाकों में राहत शिविर लगाए गए हैं और लोगों तक राहत सामग्री भी पहुंचाई जा रही है. लेकिन जमीन पर हालात अभी भी चुनौतीपूर्ण हैं. कई घरों में पानी भरा है और लोग इसी पानी के बीच रहने को मजबूर हैं. देखिए ये ग्राउंड रिपोर्ट…
लोगों को पानी में घुसकर आना-जाना पड़ रहा
ये तस्वीरें लखनऊ के फैजुल्लागंज की हैं, जहां चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है. कई घरों में बाढ़ का पानी घुस चुका है और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित है. हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोगों को घर से बाहर निकलने के लिए भी इसी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. जरूरी सामान लाना हो या किसी काम से बाहर जाना हो… हर कदम पर पानी परेशानी बढ़ा रहा है.
बाढ़ पीड़ितों के लिए बनाए गए राहत शिविर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया था. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यहां राहत शिविर लगाए गए हैं. शिविरों में प्रभावित लोगों के लिए खाने-पीने का सामान और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है. प्रशासन की कोशिश है कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जाए.
पानी के उतरने का इंतजार
राहत इंतजामों के बीच लोगों की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं. जिन घरों में पानी भर गया है, वहां रहने वाले लोगों के लिए सबसे बड़ी चिंता यही है कि पानी कब उतरेगा. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक… सभी को जलभराव के बीच ही रहना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि जब तक पानी कम नहीं होगा, तब तक उनकी परेशानी खत्म नहीं होगी.
घर में पानी, रास्ते में पानी
फैजुल्लागंज में प्रशासन की तरफ से राहत पहुंचाने की कोशिश जारी है, लेकिन जमीन पर बाढ़ का असर साफ दिखाई दे रहा है. घर पानी में हैं… रास्ते पानी में हैं… और लोग इसी पानी के बीच अपनी जिंदगी आगे बढ़ाने को मजबूर हैं. अब लोगों को इंतजार है कि गोमती का जलस्तर कब कम होगा और फैजुल्लागंज के इन इलाकों में जिंदगी कब दोबारा सामान्य होगी.
About the Author

Prashant Rai is a digital journalist with over 9 years of experience in Hindi journalism, specializing in politics, crime, hyper-local reporting, and viral news. He currently serves as Chief Sub Editor at News1…
और पढ़ें
