संवाददाता@संदीप अग्रहरी….

थानाध्यक्ष जितेंद्र सरोज ने आयोजकों से जानी तैयारियां, शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील; बोले- समस्या या विवाद की सूचना तुरंत पुलिस को दें, रामलीला और दुर्गा पूजा को लेकर म्योरपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को म्योरपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष जितेंद्र सरोज की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से रामलीला और दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी और ग्रामीण शामिल हुए।
आयोजकों से ली कार्यक्रम की जानकारी
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष जितेंद्र सरोज ने विभिन्न गांवों में होने वाले धार्मिक आयोजनों की जानकारी ली। आयोजकों से रामलीला, दुर्गा पूजा पंडाल, कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों के संबंध में चर्चा की गई। समिति पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की व्यवस्थाओं से पुलिस को अवगत कराया।

‘भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार’
थानाध्यक्ष ने कहा कि रामलीला और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने आयोजकों से प्रशासन की ओर से निर्धारित नियमों और व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह, विवाद या संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर लोग खुद कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क रहेगी।
पुलिस-आयोजकों के बीच समन्वय पर जोर
बैठक में पुलिस और आयोजन समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि सभी समितियां जिम्मेदारी के साथ आयोजन करें, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
बैठक में लिलासी चौकी प्रभारी परमानंद त्रिपाठी, सुनील अग्रहरी, मोनू जायसवाल, ओम अग्रहरी, सुजीत अग्रहरी, अमित अग्रहरी, दिनेश जायसवाल, अजय अग्रहरी समेत क्षेत्र के विभिन्न गांवों की रामलीला और दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
