संवाददाता@वीरेंद्र यादव….
— केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी शक्तिनगर में आयोजित हुआ विशेष जागरूकता सत्र

केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी शक्तिनगर में मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में संजीवनी हॉस्पिटल के मनोचिकित्सक डॉ. विवेक शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव एवं भावनात्मक चुनौतियों को समझने तथा सकारात्मक संवाद बनाए रखने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानसिक परेशानी या तनाव की स्थिति में विद्यार्थियों को इसे अकेले झेलने के बजाय अभिभावकों, शिक्षकों अथवा विशेषज्ञों से सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।

डॉ. शर्मा ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी व्यक्ति के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई, व्यक्तिगत जीवन और अन्य गतिविधियों के बीच संतुलन बनाए रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं के संबंध में विशेषज्ञ से सवाल पूछकर समाधान भी पाया। जागरूकता सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या प्रीति शर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब उनके शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों के हित में इस सार्थक पहल के लिए डॉ. विवेक शर्मा एवं संजीवनी हॉस्पिटल का विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।