पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…

आदर्श नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 14 स्थित नई बस्ती मोहाल में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। जगह-जगह पानी जमा होने और आसपास गंदगी फैली रहने से मच्छरों के पनपने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इससे संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय निवासी गुड्डू खान ने बताया कि मोहल्ले में अक्सर जलभराव की स्थिति बनी रहती है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा रहता है और धीरे-धीरे गंदगी बढ़ती जाती है। इससे दुर्गंध के साथ बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है।

मेराज ने बताया कि जलभराव की समस्या काफी समय से है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा लोगों को आवागमन में भी परेशानी उठानी पड़ती है।

उन्होंने जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की।रियासत, अजय, कामरान, शेरा और आलम सहित अन्य स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से नालियों की नियमित सफाई कराने और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि पानी की निकासी नहीं होने से गंदगी और मच्छरों की समस्या बढ़ रही है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।

इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।

नगर में जहां भी इस तरह की समस्या है, वहां सफाई कर्मचारियों को भेजकर साफ-सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार छिड़काव आदि की भी व्यवस्था की जा रही है।

