Last Updated:
UP Poster War : प्रयागराज में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पोस्टर वार शुरू हो गया है. कांग्रेस के समर्थन में लगाए होर्डिंग के जवाब में अब भाजपा नेताओं ने शहर के कई चौराहों पर अपनी होर्डिंग लगाए हैं. कांग्रेस की ओर से लगाए गए ‘ब्राह्मण शंख बजाएगा…’ वाले नारे पर भाजपा ने ‘नेहरू वंशज को नहीं अपनाएगा’ लिखकर पलटवार किया है.
यूपी में पोस्टर वार शुरू.
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. इससे पहले प्रयागराज में राजनीतिक दलों के बीच पोस्टर वार शुरू हो गया है. कांग्रेस के समर्थन में लगाए गए पोस्टर के जवाब में भाजपा नेताओं ने शहर के कई चौराहों पर नए होर्डिंग लगाकर पलटवार किया है. दोनों पक्षों के पोस्टर्स और होर्डिंग्स में लगाए गए नारों को लेकर शहर में सियासी चर्चा तेज हो गई है.
3 दिन पहले कांग्रेस ने लगाए थे होर्डिंग्स
दरअसल, कांग्रेस की ओर से आराधना मिश्रा मोना के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद करीब तीन दिन पहले शहर में होर्डिंग लगाए गए थे. इसमें लिखा था कि अब ब्राह्मण शंख बजाएगा, दलित पिछड़ा अल्पसंख्यक चलता जाएगा. यह होर्डिंग कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी और प्रदेश प्रवक्ता हसीब अहमद की ओर से लगाए गए थे.
भाजपा का पलटवार
अब इसके जवाब में भाजपा नेता श्रीश चंद्र दुबे और नितिन दुबे ने शहर में होर्डिंग लगाए हैं. भाजपा के होर्डिंग्स में कांग्रेस के नारे पर पलटवार करते हुए लिखा गया है कि ब्राह्मण शंख बजाएगा, नेहरू वंशज को नहीं अपनाएगा. इसके आगे लिखा है- दलित पिछड़ा साथ चलेगा, मोदी-योगी मिलकर 2027 में यूपी में तीसरी बार सरकार बनाएंगे. साथ ही सनातन एकता जिंदाबाद का नारा भी लिखा गया है.
भाजपा के होर्डिंग में सबसे ऊपर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और सरदार पटेल की तस्वीर लगाई गई है. इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक की तस्वीरें भी लगाई गई हैं. होर्डिंग में इसे लगाने वाले भाजपा नेता श्रीश चंद दुबे और नितिन दुबे की तस्वीर भी है.
About the Author

Kavya Mishra is a Senior Sub Editor at News18 Hindi with over seven years of experience in digital and print journalism. She is part of the regional editorial team, covering Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana …
और पढ़ें

