@जे0 के0……

Sonbhadra । डाला रामलीला मैदान में भाजपा की ओर से आयोजित सेवा संकल्प अभियान की रैली के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और भारी वाहनों के इस्तेमाल को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली के नाम पर वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे की यातायात व्यवस्था को करीब तीन घंटे तक प्रभावित किया गया, जबकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
अविनाश कुशवाहा ने कहा कि रैली में पुष्पवर्षा के लिए खनन क्षेत्र से बड़ी संख्या में बुलडोजर और लोडर मंगाए गए थे। इन भारी वाहनों पर श्रमिकों को बैठाए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन को पहले से पर्याप्त इंतजाम करने चाहिए थे।

उन्होंने कहा कि दोपहर करीब तीन बजे से शाम छह बजे तक हाईवे पर यातायात को वन-वे किए जाने से जाम की स्थिति बनी रही। रैली समाप्त होने के बाद वाहनों की आवाजाही के दौरान एक लोडर को पीछे करने पर हाईवे किनारे की दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सपा नेता ने सवाल उठाया कि जब जिले में धारा 163 लागू है तो इतने बड़े आयोजन के दौरान हाईवे की यातायात व्यवस्था में बदलाव के लिए क्या प्रशासनिक अनुमति ली गई थी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों, विपक्षी दलों और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले लोगों के लिए प्रशासनिक आदेश लागू होते हैं, लेकिन सत्ताधारी दल के कार्यक्रमों में नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े होना चिंताजनक है।

अविनाश कुशवाहा ने कहा कि भाजपा बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस तरह के आयोजनों का सहारा ले रही है। उन्होंने प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की जांच कराने, हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी सार्वजनिक करने तथा जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि भविष्य में हाईवे पर इस तरह के बड़े आयोजनों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
