पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…

विकासखंड रॉबर्ट्सगंज के ग्राम सभा कूरा के मुसहीँ में रॉबर्ट्सगंज-चुर्क मार्ग पर नव युवक मंगल दल खेल मैदान के पास जल जीवन मिशन की पाइपलाइन पिछले चार दिनों से क्षतिग्रस्त है।

पाइपलाइन से लगातार पानी का रिसाव होने के कारण सड़क पर पानी बह रहा है। स्थानीय लोगों ने पानी के बहाव को रोकने के लिए जगह बनाई, लेकिन पानी खेल मैदान की ओर पहुंचने लगा। इससे मैदान में कीचड़ हो गया है और बच्चों को खेल गतिविधियों में परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो रहा है। उनका यह भी आरोप है कि जब पानी की आपूर्ति बंद होती है तो क्षतिग्रस्त पाइप के जरिए आसपास का गंदा पानी पाइपलाइन में जाने की आशंका रहती है।

आपूर्ति शुरू होने पर इससे घरों तक दूषित पानी पहुंचने की समस्या हो सकती है।स्थानीय निवासी केवल प्रसाद, सोनू निगम, अजय कुमार, विजय कुमार, राम, श्याम सुंदर मौर्य, रवि और रामलाल सहित अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और खेल मैदान को भी सुरक्षित रखा जा सके।

